- बिलग्राम रोड स्थित एनसीसी कंपनी के गोदाम में गुरुवार तड़के लगी आग
- शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका; कोई जनहानि नहीं
हरदोई। कोतवाली शहर क्षेत्र के बिलग्राम रोड स्थित जल जीवन मिशन की एनसीसी कंपनी के गोदाम में गुरुवार तड़के करीब 3:30 बजे भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने आग की भयावहता को देखते हुए सदर, संडीला और बिलग्राम से छह दमकल गाड़ियां बुलवाईं।
दमकल कर्मियों ने करीब चार घंटे तक कड़ी मशक्कत की, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। गोदाम के आसपास प्लास्टिक स्क्रैप मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैलने का खतरा बना हुआ था। दमकल टीम ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लगातार प्रयास किए।
अग्निशमन अधिकारी महेश प्रताप सिंह के अनुसार, घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रही है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आकलन सर्वेयर की जांच के बाद ही हो सकेगा।


